क्या आप जानते हैं कि आखिर कुआं गोल ही क्यों होता है? विज्ञान का हमारे जीवन में बहुत महत्व है। हम आसपास जितनी चीजें देखते हैं सबके पीछे कुछ ना कुछ साइंस जरूर होती है।
@नई दिल्ली शब्द दूत ब्यूरो (22 नवंबर, 2021)
क्या आपने कभी इस बात पर ध्यान दिया है कि कुआं गोल ही क्यों होता है? कुआं चौकोर, त्रिकोण या षट्कोण आकार में क्यों नहीं होता है? इसके पीछे की वजह दिलचस्प है। दरअसल कुएं के गोल आकार के पीछे साइंस है। आइए जानते हैं कि कुएं का आकार गोल ही क्यों होता है?
जब हम कोई तरल पदार्थ स्टोर करते हैं तो वो वही आकार ले लेता है जिसमें वो स्टोर किया जाता है। तरल पदार्थ जब किसी बर्तन में रखा जाता है तो वो उसकी दीवारों पर दबाव डालता है। अगर कुआं चौकोर आकार में बनाया जाएगा तो उसके अंदर जमा पानी कुएं की दीवार के कोनों पर सबसे ज्यादा दबाव डालेगा। ऐसे में कुएं की उम्र कम हो जाएगी और कुएं के टूटकर गिरने का खतरा भी बना रहेगा। यही वजह है कि कुआं गोल आकार में बनाया जाता है। जिससे उसके अंदर के पानी का प्रेशर कुएं की दीवार पर हर जगह समान हो।
आपने ध्यान दिया होगा कि हमारे घर में मौजूद ज्यादातर बर्तन जैसे- गिलास, कटोरी, प्लेट, बाल्टी और थाली भी गोल होती है। हमारे आस-पास जितनी चीजें हैं उनके पीछे कुछ ना कुछ साइंस जरूर होती है। बता दें कि गोल कुएं काफी मजबूत होते हैं। हालांकि आपने चौकोर कुएं भी देखें होंगे लेकिन वो ज्यादा मजबूत नहीं होते हैं।
कुआं गोल होने के पीछे एक और वजह भी है। गोल कुएं की मिट्टी ज्यादा दिन तक नहीं धंसती है क्योंकि गोल कुएं की दीवार पर हर तरफ समान प्रेशर होता है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal







