@शब्द दूत ब्यूरो (30 अक्टूबर 2021)
ऑल इंडिया केंद्रीय गुरु सिंह सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तरविंदर सिंह मारवाह ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश में हरीश रावत के नेतृत्व में कांग्रेस 70 में से 60 सीटें जीतकर सरकार बनाएगी। मारवाह आज काशीपुर में सभा के राष्ट्रीय सचिव आशीष अरोरा बॉबी के कार्यालय में पत्रकारों से बात कर रहे थे।
गुरू सिंह सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तरविंदर सिंह मारवाह ने राज्य में आई आपदा में सरकार पर पूरी तरह फेल होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आपदा में राज्य सरकार ने जनता की कोई मदद नहीं की। आपदा में आम जनता से लेकर किसानों तक का जबरदस्त नुकसान हुआ है। किसानों की फसल बर्बाद हो गयी। सरकार की तरफ से बीते रोज मुआवजे के तौर पर महज 4035 रुपये के चैक वितरित किये गए जोकि न के बराबर हैं। उसे भी लोगों ने लेने से इनकार कर दिया। उन्होंने सरकार को दस दिन की मोहलत देते हुए कहा कि दस दिनों में आम जनता के साथ साथ आपदा में पीड़ित किसानों की मदद नहीं की तो वह न्याय दिलाने के लिए आंदोलन करेंगे।
उन्होंने पेट्रोल और डीजल की बढ़ी कीमतें वापस पुरानी कीमतों पर लाने की मांग करते हुए कीमतें वापस नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही। वहीं उन्होंने केंद्र सरकार से तीनों काले कृषि कानून वापस नहीं लेने पर गद्दी छोड़ने की बात कहते हुए कहा कि ऑल इंडिया केंद्रीय गुरु सिंह सभा के अधीन 15 हजार गुरुद्वारों ने प्रण लिया है कि आंदोलनरत किसानों की हरसंभव मदद सभा की तरफ से की जाएगी।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal