@नई दिल्ली शब्द दूत ब्यूरो (23 अक्टूबर, 2021)
किसानों के लिए उनकी फसल की सुरक्षा सबसे बड़ा मुद्दा है। कई बार जंगली जानवर उनकी फसल नष्ट कर देते हैं। इस वजह से उन्हें आर्थिक मोर्चे पर नुकसान तो होता ही है, साथ ही फसल की रखवाली में उनका अच्छा खासा वक्त भी जाया होता है।
इस परेशानी को दूर करने के लिए दिल्ली में रहने वाले 24 साल के अभय शर्मा ने एक पहल की है। उन्होंने एक ऐसी मशीन तैयार की है, जो अपनी आवाज़ के जरिए जानवरों को खेत में घुसने से रोकती है। इतना ही नहीं उन्होंने एक स्मार्ट स्टिक भी बनाई है, जो फॉरेस्ट गार्ड्स और आम लोगों को बड़े जानवरों के हमले से बचाती है।
अभय शर्मा बचपन से ही प्रकृति प्रेमी रहे हैं और जंगलों की सैर करना उनका शौक रहा है। इस मशीन को तैयार करने के आइडिया को लेकर वे बताते हैं कि पढ़ाई के दौरान 2016-17 में उत्तराखंड के एक गांव में उनका जाना हुआ। वहां उन्होंने देखा कि किसानों और जंगली जानवरों के बीच एक तरह से जंग छिड़ी है। जानवर फसल और किसानों को नुकसान पहुंचाते हैं, जबकि किसान जानवरों को निशाना बनाते हैं। इससे किसान और जानवरों दोनों को ही नुकसान पहुंचता है।
अभय बताते हैं कि इस मशीन का सबसे बड़ा फायदा यह है कि यह इंसान या जानवर, किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचाता है।
अभय कहते हैं कि इसे देखने के बाद मेरे मन में आइडिया आया कि हमें इस तरह का प्रोडक्ट तैयार करना चाहिए, जिससे ये समस्या भी दूर हो जाए और किसी को नुकसान भी नहीं पहुंचे।
इसके बाद उन्होंने अपनी बड़ी बहन के साथ मिलकर काम करना शुरू किया। इंटरनेट की मदद ली, अलग-अलग तरह के इक्विपमेंट और कॉन्सेप्ट के बारे में जानकारी जुटाई और घर पर ही करीब 10 हजार रुपए की लागत से एक मशीन तैयार की और उसे एक खेत में इंस्टॉल कर दिया। इसका अच्छा रिस्पॉन्स भी मिला, मशीन की साउंड सुनते ही जानवर भाग खड़े होने लगे।
फिलहाल अभय दो तरह के प्रोडक्ट की मार्केटिंग करते हैं। एक स्मार्ट स्टिक जो खतरनाक जंगली जानवरों के हमले से बचाती है। दूसरी एनाइडर्स जो जानवरों से फसलों की सुरक्षा करती है। स्मार्ट स्टिक इलेक्ट्रिक से चार्ज होती है। एक बार चार्ज होने के बाद यह 5-6 दिनों तक काम करती है।
इसमें तीन तरह की लाइट लगी है। जिसे सेल्फ एडजस्ट किया जा सकता है। इसके अलावा इसमें स्टन गन और पैनिक बटन लगा है। इससे सेल्फ डिफेंस और जानवरों को भगाने में मदद मिलती है। बड़े से बड़े जानवर डरकर पीछे भाग जाते हैं। इसकी कीमत आठ हजार रुपए से शुरू होती है। सबसे अच्छी बात है कि इसे आसानी से ढोया जा सकता है।
इसी तरह एनाइडर्स सोलर एनर्जी से चार्ज होता है। यह पोर्टेबल होता है और आसानी से एक खेत से दूसरे खेत में लगाया जा सकता है। यह 100 फीट से लेकर 300 फीट तक के एरिया को कवर करता है। यह अपने साउंड की मदद से जंगली जानवरों को खेत में जाने से रोकता है। इसे धूप, बारिश या मौसम के किसी भी प्रकोप से नुकसान नहीं पहुंचता है। इसकी भी कीमत आठ हजार रुपए से शुरू होती है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal



