@नई दिल्ली शब्द दूत ब्यूरो (15 अक्टूबर 2021)
सिंधु बार्डर पर किसान प्रदर्शन व धरना स्थल पर एक युवक की नृशंस हत्या कर लाश को लटका दिया गया। युवक का शव आज सुबह मिलने से सनसनी फैल गई।
शव की शिनाख्त नहीं हुई है। घटनास्थल का निरीक्षण करने से ज्ञात होता है कि हत्या करने से पहले उसे करीब 100 मीटर तक घसीटा गया। बाद में उसके दाहिने हाथ और गर्दन को काटा गया। हत्या से पहले मृतक को बेहद प्रताड़ना दी गई होगी क्योंकि उसकी पाँचों ऊँगलियों को भी काट दिया गया था। युवक पर गुरुग्रंथ साहिब की बेअदबी का आरोप लगाया गया है। हालाँकि वह कौन है इस बात का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
बता दें कि उस शख्स का हाथ काटकर शव को बैरिकेड से लटकाया गया था। आंदोलनकारी शुरुआत में पुलिस को भी मुख्य मंच के पास नहीं जाने दे रहे थे। हालांकि, बाद में कुंडली थाना पुलिस ने शव को उतारा और सिविल हॉस्पिटल लेकर पहुंची। 35 साल के उस शख्स के शरीर पर धारदार हथियार से हमले के निशान मिले हैं। जिस युवक को मारा गया है उसका हाथ कलाई से काट दिया गया है।
इस मामले में डीसीपी हंसराज ने कहा कि अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा, ‘कुंडली, सोनीपत बॉर्डर पर जहां किसानों का प्रदर्शन चल रहा है। वहां सुबह पांच बजे एक शव लटका मिला।उसके हाथ और टांग कटी हुई थी। हत्या किसने की यह फिलहाल साफ नहीं है। एक वीडियो भी वायरल है, जिसकी जांच हो रही है।
उधर बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने सिंघु बॉर्डर की घटना पर राकेश टिकैत पर निशाना साधा है। उन्होंने लिखा, ‘राकेश टिकैत ने योगेंद्र यादव के साथ लखीमपुर में हुई मॉब लिंचिंग को जायज ठहराया था। कुंडली बॉर्डर पर हुई हत्या पर वह चुप हैं. किसानों के नाम पर आंदोलन में हो रही अराजकता का पर्दाफाश होना चाहिए।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal



