@शब्द दूत ब्यूरो (24 सितंबर 2021)
काशीपुर । प्रदेश संयोजक प्रशिक्षण कमेटी कांग्रेस श्रीमती इंदू मान ने बताया कि कांग्रेस सदस्यता अभियान समिति के अध्यक्ष राजेंद्र भंडारी ने जिला कांग्रेस कार्यालय उधम सिंह नगर में पार्टी की सदस्यता अभियान को प्रारंभ किया।
उत्तराखंड प्रदेश के प्रभारी देवेंद्र यादव एवं प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश पर जिला कार्यालय पर जिले के सभी पदाधिकारियों,और विशेष तौर पर नौ विधानसभाओं के नगर अध्यक्ष एवं ब्लॉक अध्यक्षों को कांग्रेस सदस्यता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
पूर्व दर्जा राज्यमंत्री श्रीमती इंदु मान ने कहा कि ऊधम सिंह नगर की प्रत्येक विधानसभा में कांग्रेस के20,000 नये सदस्य बनाए जाएंगे जिससे पार्टी को मजबूती मिलेगी और हम नये लोगों तक पहुंच पाएंगे। महिला कांग्रेस कमेटी की प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती इंदू मान ने कहा कि उत्तराखंड की जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है और बीजेपी से अब वह ऊब चुकी है। उन्होंने कहा कि हम कांग्रेस की विकास परक सोच लेकर जनता के बीच जाएंगे और हर विधानसभा में नए सदस्य बनाएंगे।
पूर्व राज्यमंत्री श्रीमती मान ने कहा कि भाजपा पार्टी पिछले 5 वर्षों में केवल मुख्यमंत्रियों को बदलती रही है और अब इस समय तीसरे मुख्यमंत्री का प्रयोग चल रहा है जो कि लगातार झूठी एवं हवाई घोषणाएं करने में लगे हुए हैं। जनता अब समझ चुकी है कि उनकी कथनी और करनी में जमीन आसमान का अंतर है और उत्तराखंड की भोली-भाली जनता इनकी तानाशाही पूर्ण रवैया और झूठी घोषणाओं के बहकावे में आने वाली नहीं है।
इस अवसर पर जिला कार्यालय में काशीपुर विधानसभा से उनके साथ काशीपुर महानगर के अध्यक्ष संदीप सहगल , उमेश जोशी, अल्का पाल नितिन कौशिक, एवं मुशर्रफ आदि अन्य कई पदाधिकारी मौजूद थे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal


