@नई दिल्ली शब्द दूत ब्यूरो (21 जुलाई 2021)
देश में बर्ड फ्लू से पहली बार एक 11 वर्षीय लड़के की मौत हो गई। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान दिल्ली (एम्स) में एक 11 वर्षीय लड़के की एच5एन1 एवियन इन्फ्लूएंजा से मौत हो गई। अस्पताल सूत्रों ने कहा कि लड़के के संपर्क में आए सभी कर्मचारी आइसोलेशन में हैं।
बता दें कि इस वर्ष जनवरी में देश के कई राज्यों में पक्षियों के मरने की खबरें आई थीं। और राज्यपुष्टि की थी, जिसमें कौए और प्रवासी पक्षी शामिल थे। पक्षियों की मौत के बाद प्रशासन हरकत में आया और बर्ड फ्लू की जांच के लिए उनके सैंपल लिए गए। केरल, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई और महाराष्ट्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया।
बर्ड फ्लू नाम की बीमारी संक्रमित पक्षी के मल, नाक के स्राव, मुंह के लार या आंखों से निकलने वाली पानी के संपर्क में आने से फैलती है। इसके अलावा संक्रमित जगहों को छूने, संक्रमित पक्षियों के संपर्क में आने, कच्चा या अधपका मुर्गा-अंडा खाने वाले या संक्रमित मरीजों की देखभाल करने वाले लोगों को बर्ड फ्लू का खतरा बढ़ जाता है। यह वायरस संक्रमित पक्षियों के संपर्क में आने वाले जानवर और मनुष्यों में आसानी से फैल जाता है। यह वायरस इतना खतरनाक है कि इससे मौत तक हो सकती है।
बर्ड फ्लू होने पर कफ, डायरिया, बुखार, सांस से जुड़ी दिक्कत, सिर दर्द, मांसपेशियों में दर्द, पेट दर्द, उल्टी, निमोनिया गले में खराश, नाक बहना, बेचैनी, आंखों में इंफेक्शन जैसी समस्या हो सकती है।
बर्ड फ्लू से बचने के लिए विशेषज्ञ कई सावधानियां रखने की सलाह देते हैं जैसे-
-हाथों को 15 सेकेंड तक धोएं।
-हाथ ना धो पाने की स्थिति में सैनिटाइज का इस्तेमाल करें।
-पोल्ट्री फार्म में काम करने के लिए डिस्पोजेबल ग्लव्स पहनें और इस्तेमाल के बाद इन्हें नष्ट कर दें।
-छींकने या खांसने से पहले मुंह को अच्छे से ढक लें।
-भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal





