@नई दिल्ली शब्द दूत ब्यूरो (18 जुलाई, 2021)
उत्तर प्रदेश के मेरठ में सोतीगंज के कबाड़ियों पर पुलिस प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सदर बाजार पुलिस ने सोतीगंज के मन्नू उर्फ मुईनुद्दीन कबाड़ी की 1.10 करोड़ की संपत्ति कुर्क की है। पुलिस ने बताया कि मन्नू ने मुंडाली क्षेत्र के कुंढ़ला गांव में तीन हजार गज का प्लाट खरीदा था। पुलिस ने पहले मुनादी कराई और फिर प्रशासन का आदेश प्लाट की दीवार पर चस्पा करा दिया। कबाड़ी पर गैंगस्टर 14(ए) के तहत यह कार्रवाई की गई है।
सोतीगंज में चोरी और लूट के वाहन काटने वाले कबाड़ियों की पुलिस ने सूची बनाई है, लेकिन दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज होने के बावजूद भी इन कबाड़ियों पर कार्रवाई नहीं की जा रही थी क्योंकि कई कबाड़ियों से पुलिस की दोस्ती थी। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने पहले अवैध काम करने वाले पुलिसकर्मियों को हटाकर लाइन में भेजा और अब कबाड़ियों पर कार्रवाई शुरू कराई। तीन दिन से पुलिस कबाड़ियों के यहां दबिश दे रही थी। वहीं शुक्रवार को सदर बाजार पुलिस ढोल बाजे लेकर मुंडाली के कुंढला गांव में पहुंची और यहां संपत्ति कुर्क की।
बताया गया कि दूध की डेयरी की आड़ में प्लाट में चोरी के वाहन काटने का काम चलता था। पुलिस का दावा है कि मन्नू ने चोरी और लूट के वाहन सोतीगंज में काटकर अवैध तरीके से करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित की है। कुर्क संपत्ति में प्लाट (कीमत करीब 95 लाख), अनुबंधित बस (10 लाख), बाइक (75 हजार), स्कूटी (65 हजार) शामिल है। पुलिस की लिखा पढ़ी में बताया गया है कि यह कार्रवाई करीब दो माह से चल रही थी।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal





