@नई दिल्ली शब्द दूत ब्यूरो (16 जुलाई 2021)
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में आतंकवादियों के साथ सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गये हैं जबकि सीआरपीएफ के दो जवानों के घायल होने की भी खबर है। देर रात से चल रही इस मुठभेड़ के बाद से सर्च आपरेशन अभी भी जारी है।
जम्मू-कश्मीर पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ श्रीनगर के दमनार इलाके के आलमदार कॉलोनी में हुई। अभी तक मारे गए आतंकवादियों की पहचान नहीं हो पाई है।पुलिस ने बताया कि आतंकवादियों के छिपे की गुप्त सूचना पर सुरक्षा बलों ने इलाके की तलाशी ली। इसी दौरान आतंकवादियों ने उनपर गोलीबारी शुरू कर दी।सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की और दो आतंकवादी मारे गए। बता दें कि पिछले कुछ दिन से लगातार अलग-अलग जगहों पर मुठभेड़ हो रही हैं और सुरक्षाबलों ने कई आतंकियों को ढेर किया है।
उधर सुरक्षा बलों ने बांदीपोरा से आतंकियों के 3 सहायकों को गिरफ्तार किया जिनके पास गोला-बारूद, नकली सिम और नकली दस्तावेजों समेत कई सामान बरामद किए हैं।
वहीं जम्मू में फिर से रात आठ से 9 बजे के बीच 4 स्थानों पर ड्रोन देखे गए हैं। ड्रोन सांबा के नंदपुर, हीरानगर में और जम्मू के मीरसाहब और सतवारी में देखे गए हैं। नंदपुर में सेना ने ड्रोन पर फायरिंग भी की है। जानकारी के मुताबिक 8 बजकर 10 मिनट पर मीर साहिब में, सवा आठ बजे नंदपुर में, आठ बजकर चालीस मिनट पर हीरानगर में और पौने नौ बजे जम्मू के सतवारी में ड्रोन देखे जाने की खबर है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal





