@नई दिल्ली शब्द दूत ब्यूरो
पंजाब के मानसा में एक कबाड़ी ने भारतीय एयरफोर्स के छह कंडम हेलीकॉप्टर खरीदे हैं, जिन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। एक हेलीकॉप्टर का भार 10 टन है, जो बोली के माध्यम से खरीदे गए हैं। इन हेलीकॉप्टरों में से एक मुंबई की पार्टी ने लिया है, जबकि दूसरा लुधियाना के होटल मालिक ने खरीद लिया है। बाकी बचे हेलीकॉप्टर मानसा में खड़े हैं, जिन्हें देखने के लिए भीड़ उमड़ रही है। बता दें कि मानसा के ये कबाड़ी सुईं से लेकर जहाज तक रखते हैं।
हेलीकॉप्टर खरीदने वाले इस शख्स का नाम मिट्ठू राम अरोड़ा है। इन्होंने छह कंडम हेलीकॉर्टर खरीदे जो कभी भारतीय वायुसेना के जाबांज सिपाहियों संग उड़ान भरते थे। वायुसेना ने इन हेलीकॉप्टरों को बेचने के लिए ऑनलाइन टेंडर मांगा था, जिसे उन्होंने भरा था। इसके बाद उन्होंने छह हेलीकॉप्टर खरीदे, जिनमें से तीन उन्होंने बेच दिए और तीन उनके पास ही हैं। उन्होंने ये भी बताया कि नीलामी के बाद ट्रॉलियों के सहारे इन हेलीकॉप्टरों को मानसा तक लाया गया।
मिट्ठू राम ने बताया कि ये पहली बार है जब उन्होंने हेलीकॉप्टर खरीदा है। जैसे ही गांव के लोगों को पता चला कि हेलीकॉप्टर आया है तो देखने के लिए भीड़ लग गई। बहुत से लोग ऐसे हैं जिन्होंने पहली बार इतने पास से जमीन पर खड़ा हेलीकॉप्टर देखा है। बहुत से लोग इसके अंदर बैठकर तो कुछ बाहर से ही इसके साथ फोटो खिंचवाते दिखाई दिए।

Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal