@नई दिल्ली शब्द दूत ब्यूरो
सीबीएसई के बाद आईसीएसई बोर्ड ने भी 12वीं की परीक्षा रद्द कर दी है। काउंसिल फॉर इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट (आईसीएसई) बोर्ड का कहना है कि आईसीएसई बोर्ड की 12वीं कक्षाओं की परीक्षाएं कैंसल कर दिए गई हैं। परीक्षाएं रद्द करने के बाद अंक देने के लिए मूल्यांकन प्रक्रिया के मानदंडों का जल्द फैसला होगा। हालांकि आईएससी छात्रों को परीक्षा में बैठने के लिए बाद में एक मौका दिया जाएगा। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी इस फैसले पर खुशी जताई है।
इससे पहले पीएम मोदी की अध्यक्षता में हाईलेवल मीटिंग के बाद सीबीएसई की 12वीं की परीक्षाएं रद्द करने का फैसला लिया गया। पीएम मोदी ने कहा कि छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए सीबीएसई की 12वीं की परीक्षा न कराने का निर्णय किया गया है। पीएम मोदी ने कहा कि छात्रों का स्वास्थ्य और सुरक्षा सर्वोपरि महत्वपूर्ण है और इससे कतई समझौता नहीं किया जा सकता।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उन्हें खुशी है कि 12वीं कक्षा की सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं। हम सभी बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर बेहद चिंतित थे। वहीं डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने कहा, मुझे बहुत ख़ुशी है कि देश के 1.5 करोड़ बच्चों की 12वीं की अंतहीन होती क्लास आख़िरकार अब ख़त्म होगी। परीक्षा कराने की ज़िद बच्चों की सुरक्षा पर बहुत भारी पड़ रही थी। कई अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी परीक्षाएं रद्द करने की गुहार लगाई थी।

Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal