एक साल के अंदर देश के सभी टोल प्लाजा समाप्त कर दिये जायेंगे। लोकसभा में परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने यह बड़ी घोषणा की है। लेकिन टोल देना होगा। इसके लिए गाड़ियों में जीपीएस सिस्टम लगाया जायेगा और उसी से टोल शुल्क का भुगतान होगा।
प्रश्न काल के दौरान सदन में पूछे गए पूरक प्रश्न के जवाब में केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि कि पिछली सरकारों ने गलत और अन्याय करते हुए कई जगह शहरी क्षेत्रों के भीतर टोल बना दिये।
एंट्री पॉइंट पर कैमरा लगा होगा और जीपीएस के माध्यम से जहां से एंट्री की हैं और जहां तक जाएंगे उतना ही पैसा कटेगा। उन्होंने कहा कि इससे टोल में होने वाली चोरियों पर भी रोक लगेगी। उन्होंने कहा कि सरकार की योजना है कि अगले एक साल में सभी टोल प्लाजा खत्म कर दिया जाएगा। टोल प्लाजा खत्म होगा लेकिन टोल देना होगा।
उन्होंने कहा कि अब गाड़ियों में जीपीएस सिस्टम लगाया जाएगा जिसकी मदद से टोल शुल्क का भुगतान हो सकेगा और इसके बाद शहर के अंदर इस तरह के टोल की जरूरत नहीं होगी। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि 90 फीसदी जमीन अधिग्रहण किए बिना हम परियोजना अवार्ड नहीं करते। जमीन का अधिग्रहण करने के बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाती है।



Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
