@शब्द दूत ब्यूरो
नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस परेड में इस बार कोई विदेशी मेहमान मुख्य अतिथि नहीं होगा। सूत्रों के अनुसार सरकार द्वारा किसी नए विदेशी मेहमान को अब इसके लिए फिर से निमंत्रण नहीं भेजा जाएगा। इससे पहले गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि के तौर पर ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन आमंत्रित थे लेकिन उन्होंने ब्रिटेन में फैले कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन की वजह से भारत दौरा रद्द कर दिया है।
ब्रिटिश प्रशासन ने प्रधानमंत्री जॉनसन का दौरा रद्द होने की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की और भारत नहीं जा पाने के लिए खेद व्यक्त किया है। इससे पूर्व साल 1993 में ब्रिटिश प्रधानमंत्री जॉन मेजर गणतंत्र दिवस परेड पर मुख्य अतिथि थे। अगर बोरिस जॉनसन आते तो यह सम्मान पाने वाले वह दूसरे ब्रिटिश प्रधानमंत्री होते।
पीएम मोदी से बातचीत के दौरान ब्रिटिश पीएम जॉनसन ने कहा कि जिस रफ्तार से ब्रिटेन में नया कोविड स्ट्रेन का प्रसार हो रहा है, उस लिहाज से मौजूदा दौर में उनका ब्रिटेन में रहना महत्वपूर्ण है, ताकि वह देश में वायरस संक्रमण की रोकथाम पर ध्यान केंद्रित कर सकें।



Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal