@शब्द दूत ब्यूरो
काशीपुर । प्रदेश विधानसभा चुनावों में लगभग डेढ़ वर्ष का समय रह गया है। ऐसे में विभिन्न राजनीतिक दलों ने तैयारियां शुरू कर दी है। इसी क्रम में आज यहाँ काशीपुर महानगर कांग्रेस ने एक समीक्षा बैठक बुलाई। बैठक में मीडिया का प्रवेश निषिद्ध रखा गया। कुछ मीडिया कर्मी बैठक में पहुंच भी गये थे। जिनसे विनम्रतापूर्वक पार्टी की निजी बैठक का हवाला देकर कांग्रेस नेताओं ने बैठक स्थल से जाने को कहा।
कांग्रेस नवचेतना भवन में आयोजित कांग्रेस की यह बैठक भारी हंगामे और गहमागहमी के बीच और आरोप प्रत्यारोप के बीच काफी देर तक चली। बैठक में कांग्रेस की काशीपुर में लगातार हार के कारण कुछ वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओ ने जब गिनाने शुरू किये तो वहाँ हंगामा शुरू हो गया। स्थानीय नेता एक दूसरे पर हार का ठीकरा फोड़ते नजर आए। यहाँ तक बहस के दौरान कुछ नेता मंच पर माइक के पास पहुंच गये। जहाँ कुछ अन्य नेताओं ने बीच बचाव कर सबको शांत किया।
इस बीच बैठक में काफी देर तक गरमागरम वाद विवाद चलता रहा। हालांकि बाद में मामला शांत हो गया और मंच पर आकर पार्टी नेता अपनी राय और सुझाव रखते रहे।
बैठक के बारे में महानगर अध्यक्ष संदीप सहगल ने बाद में बताया कि यह बैठक पार्टी मंच पर अपनी अपनी बात रखने और पार्टी कार्यों की समीक्षा के उद्देश्य से बुलाई गई थी। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के बीच संवाद में कोई कमी रह गई हो या पार्टी के नेता, जिसमें वह स्वयं भी हैं, की कोई कमी हो तो कार्यकर्ता उसके बारे में खुलकर अपनी बात कह सके। संदीप सहगल ने कहा कि पार्टी में संगठन स्तर पर यहाँ कोई मतभेद नहीं है। यदि मनभेद हैं तो ऐसी बैठक के माध्यम से पार्टी फोरम पर अपनी बात रखी जा सकती है।
महानगर अध्यक्ष संदीप सहगल ने कहा कि पार्टी की इस बैठक से यह पता चलेगा कि पार्टी यहां किस जगह पर कमजोर है। कौन से बूथ पर ध्यान देने की जरूरत है। जैसी बातों पर चर्चा से पार्टी को मजबूती मिलेगी।
बैठक में मुक्ता सिंह, विमल गुड़िया, डा दीपिका गुड़िया आत्रेय, जय सिंह गौतम, ब्रह्मापाल सिंह, विनोद शर्मा वात्सल्य, प्रीत कुमार बम, सुरेश शर्मा जंगी, त्रिलोक अधिकारी, इंदर सेठी आशीष अरोरा बॉबी, इंदुमान, गीता चौहान, रोशनी बेगम, मुशर्रफ हुसैन, रवि ढींगरा, राशिद फारूकी, चेतन अरोरा, शफीक अहमद अंसारी, प्रभात साहनी, सचिन नाडिग, जितेंद्र सरस्वती, तरूण लोहनी समेत अनेक कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे ।






Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal