@शब्द दूत ब्यूरो
नई दिल्ली। भारत-चीन सीमा विवाद पर रूस में हुई रक्षा मंत्रियों की बैठक पर चीन के बयान के बाद अब भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के कार्यालय की ओर से बयान जारी किया गया है। बयान के मुताबिक, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चीन के रक्षा मंत्री से कहा कि जल्द से जल्द शांति बहाली के लिए बातचीत जारी रहनी चाहिए। रक्षा मंत्री कार्यालय ने बयान में कहा, “रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पिछले कुछ महीनों में गलवान घाटी सहित वास्तविक नियंत्रण रेखा के हुए घटनाक्रम पर भारत की स्थिति को स्पष्ट रूप से रखा।”
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चीनी सेना की कार्रवाई, जिसमें बड़ी संख्या में सैनिकों को एकत्र करना, आक्रामक रवैया और यथास्थिति को बदलने का एकतरफा प्रयास शामिल है, द्विपक्षीय समझौते का उल्लंघन है। बैठक के दौरान, रक्षा मंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि भारतीय जवानों ने सीमा प्रबंधन को लेकर हमेशा जिम्मेदाराना रुख अपनाता रहा है, लेकिन साथ ही भारत की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के हमारे संकल्प को लेकर किसी को भी कोई संदेह नहीं होना चाहिए।

Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal