काशीपुर । महानगर कांग्रेस ने प्रदेश संगठन के आह्वान पर आज यहाँ रेलवे स्टेशन पर केंद्र सरकार और राज्य सरकार के विरूद्ध नारेबाजी करते हुए धरना-प्रदर्शन किया।
केंद्र सरकार के नीट जेईई परीक्षा कराने के विरोध में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष संदीप सहगल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेसी रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट पर बैठे और छात्रों के स्वास्थ्य को देखते हुए सरकार से इस परीक्षा को रद्द करने की मांग की।
वहीं काशीपुर से चार ट्रेन स्थायी रूप से निरस्त करने के रेल मंत्रालय के निर्णय को भी काशीपुर के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताया। पूर्व मुख्यमंत्री स्व नारायण दत्त तिवारी पूर्व सांसद स्व सत्येंद्र चंद्र गुड़िया व के सी बाबा के प्रयासों से काशीपुर में बड़ी रेल लाइन स्थापित करने की याद दिलाते हुए कांग्रेसी नेताओं का कहना था कि मौजूदा सरकार के समक्ष स्थानीय विधायक हरभजन सिंह चीमा नगर के लोगों की पैरवी सही ढंग से नहीं कर पाते जिसके परिणामस्वरूप आज ऐसे जनविरोधी निर्णय हो रहे हैं।

उधर कांग्रेस के प्रदर्शन के मद्देनजर रेलवे स्टेशन पर भारी मात्रा में पुलिस बल सुरक्षा के लिहाज से तैनात किया गया था। धरना प्रदर्शन करने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं में विमल गुड़िया, प्रदेश सचिव अरूण चौहान, ब्लाक अध्यक्ष रवि ढींगरा, अब्दुल कादिर, प्रदेश सचिव अलका पाल, जय सिंह गौतम, सचिन नाडिग, मंसूर अली समेत अनेक कांग्रेस नेता शामिल थे ।

Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal