@नवल सारस्वत
काशीपुर। लॉकडाउन के चलते धार्मिक आयोजनों से अपना जीवन यापन करने वाले तमाम लोग भुखमरी के कगार पर पहुंच गए हैं। आज इन कलाकारों ने सोशल डिस्टेंसिंग के मानकों का पालन करते हुए मूक प्रदर्शन किया।
काशीपुर की आर्टिस्ट वैलफेयर सोसाइटी ने आज सरकार से लॉकडाउन के दौरान बेरोजगारी के चलते मांग की कि उन्हें रात 11 बजे तक माता की चौकी का आयोजन करने की अनुमति दी जाये। कलाकारों ने ककहा कि जागरण की अनुमति भले ही न दे सरकार। एसोसिएशन के सदस्यों ने कहा कि वह इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पूरी तरह पालन करेंगे।
सोसाइटी के अध्यक्ष गोविंद राम ने कहा कि हम कलाकार लोग जागरण व अन्य धार्मिक आयोजनों से अपने परिवार का भरण-पोषण करते आये हैं। इससे पूर्व माननीय न्यायालय के आदेशों की वजह से उन्हें अपना काम स्थगित करना पड़ा था। इधर लॉकडाउन के बाद तो उनका कार्य बिल्कुल ही बंद हो गया है।
ऐसे में उनके परिवार पर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। सोसाइटी प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से अपील की है कि उनके परिवारों पर आ रहे आर्थिक संकट को टालने के लिए सरकार उनकी यह मांग पूरी करे। प्रदर्शन करने वालों में गुलजार सिंह, संजय त्यागी, याक़ूब अली, शब्बीर अहमद, संजीव कुमार पप्पन राजेंद्र कुमार श्रीमती सोनी, बलराम प्रजापति तथा रवि प्रजापति आदि शामिल थे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal


