नई दिल्ली। कोरोना वायरस को लेकर दुनिया भर में जंग जारी है। भारत में 21 दिन का लॉकडाउन चल रहा है और फिल्मी दुनिया से जुड़ी हस्तियां कोरोना के खिलाफ जंग में दिल खोलकर दान दे रही हैं। अब सलमान खान से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है। सलमान कोरोना वायरस के कारण देश में जारी लॉकडाउन के बीच 25000 दिहाड़ी मजदूरों की मदद कर रहे हैं। हालांकि बॉलीवुड के दबंग खान इन मजदूरों की किस रूप में मदद कर रहे हैं इसके बारे में ज्यादा जानकारी सामने नहीं आ पाई है। सलमान खान से जुड़ी यह खबर पिंकविला में छपी है।
इस रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े 25000 दिहाड़ी मजदूरों की सलमान खान मदद कर रहे हैं। वैसे भी सलमान खान को गरीबों की मदद के लिए जाना जाता है। सलमान खान का एनजीओ बीइंग ह्यूमन लोगों को उनकी शिक्षा और चिकित्सा जरूरतों को लेकर मदद प्रदान करता रहा है। बता दें कि शनिवार को ही अक्षय कुमार ने कोरोना वायरस से जंग के लिए 25 करोड़ रुपये दान दिए थे।
अक्षय कुमार से पहले बाहुबली फेम एक्टर प्रभास ने 4 करोड़, पवन कल्याण ने 2 करोड़, महेश बाबू ने 1 करोड़, अलु अर्जुन ने 25 लाख, राम चरण ने 70 लाख और रजनीकांत ने दिहाड़ी मजदूरों की मदद के लिए 50 लाख रुपये डोनेट किए। यहीं नहीं कमल हासन ने तो अपने घर को ही अस्पताल बनाने की पेशकश कर दी है। वहीं, टेलीविजन क्षेत्र से कपिल शर्मा ने 50 लाख रुपये दान किए। भोजपुरी इंडस्ट्री से अक्षरा सिंह ने एक लाख रुपये और रवि किशन ने एक माह की सैलरी प्रधानमंत्री राहत कोष में देने की घोषणा की है।

Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
