@विनोद भगत
काशीपुर । कोरोना महामारी के बीच भी राजनीतिक दांव पेंच चल रहे हैं। भाजपा कांग्रेस से इतर आम आदमी पार्टी को शहर में एक बड़े नाम का सहारा मिलने जा रहा है। भीतर की खबर यह है कि नगर के एक प्रतिष्ठित व्यापारी और आम आदमी पार्टी के बीच चल रही सरगोशियां आने वाले समय में शहर की राजनीति बड़ी हलचल मचा सकती है।
सूत्रों से मिली खबर के मुताबिक प्रदेश में अपने पांव जमाने की कोशिश में आम आदमी पार्टी राज्य में तमाम संभावनाओं को तलाश रही है। शब्द दूत को मिली एक पुख्ता जानकारी के अनुसार नगर के एक प्रतिष्ठित व्यापारी पहली बार राजनीतिक पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। इसके लिये बाकायदा आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से उनका संपर्क जारी है।
यहाँ बता दें कि इस व्यापारी का नगर में सभी वर्गों और राजनीतिक दलों से अच्छा संपर्क है। अविवादित छवि के इस व्यापारी के सहारे आम आदमी पार्टी को अच्छा रिस्पांस इस शहर से मिलेगा। लेकिन कांग्रेस से विधायक बनने के सपने देख रहे लोगों को इस व्यापारी के सामने आने से झटका लग सकता है।
खास बात यह है कि इस व्यापारी ने आज तक व्यापार मंडल की भी राजनीति नहीं की है। लेकिन इसके बावजूद व्यापारियों का सहयोग इन्हें मिलने की संभावनाओं को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है।
बहरहाल काशीपुर की राजनीति में लंबे समय से एक पक्ष ही हावी रहा है। लेकिन आम आदमी पार्टी के इस नये नेता के आने से यहाँ की राजनीतिक जमीन पर हलचल देखने को मिलेगी।